
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद में सफाई कर्मचारियों के शैक्षणिक और सामाजिक उत्थान को लेकर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने पहल तेज कर दी है। आयोग के सदस्य मनोज कुमार बाल्मीकि ने मंगलवार को बीसीसीएल मुख्यालय कोयला भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई कर्मचारियों की समस्याओं की समीक्षा की। बैठक में बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, डीटी, डीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक की खास बात यह रही कि आयोग के सदस्य ने अधिकारियों के समक्ष ही सफाई कर्मचारियों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान कर्मचारियों की शैक्षणिक स्थिति सामने आने के बाद उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में विशेष पहल करने का निर्देश दिया।
मीडिया से बातचीत में मनोज कुमार बाल्मीकि ने बताया कि जिन सफाई कर्मचारियों से उन्होंने बातचीत की, उनमें केवल तीन कर्मचारी ही मैट्रिक पास मिले। इसे गंभीरता से लेते हुए धनबाद जिले के विभिन्न सरकारी संस्थानों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के लिए सांध्यकालीन विद्यालय शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसकी जिम्मेदारी बीसीसीएल को सौंपी गई है। इस विद्यालय में कर्मचारी अपनी ड्यूटी समाप्त करने के बाद पढ़ाई कर सकेंगे।
वहीं, रोजगार के मुद्दे पर भी आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। बीसीसीएल में सफाई कर्मचारियों के खाली पदों पर 15 जनवरी 2027 तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है। बहाली के दौरान उन परिवारों को प्राथमिकता देने को कहा गया है, जिनमें कोई भी सदस्य रोजगार में नहीं है।
आयोग के सदस्य ने स्पष्ट किया कि सफाई कर्मचारियों का विकास केवल रोजगार तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें शिक्षा और बेहतर सामाजिक अवसर भी मिलने चाहिए। सांध्यकालीन स्कूल की शुरुआत और रिक्त पदों पर बहाली की समयसीमा तय होने से सफाई कर्मचारियों के जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद जगी है।

