

टीम अनंत सोच
धनबाद : नीट यूजी-2026 पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में छात्रों के बीच बढ़ते आक्रोश के बीच धनबाद में युवा कांग्रेस और कांग्रेस छात्र मोर्चा ने गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रणधीर वर्मा चौक पर आयोजित इस प्रदर्शन में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
धनबाद जिला युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस छात्र मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नीट यूजी परीक्षा में हुई गड़बड़ी से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। इस दौरान “छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो”, “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” और “मोदी सरकार जवाब दो” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। नेताओं ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से देश की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं और छात्रों का भरोसा टूट रहा है।
