टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद में राष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट निर्माण की मांग को लेकर 27 मई 2026 को श्री पार्श्वनाथ मिशन एयरपोर्ट समूह का एक प्रतिनिधिमंडल गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी से मिला। अध्यक्ष पप्पू सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को ज्ञापन सौंपते हुए तोपचांची, धनबाद में राष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट स्थापित करने की मांग उठाई।

ज्ञापन में कहा गया कि एयरपोर्ट के अभाव में कोयलांचल क्षेत्र का समुचित विकास बाधित हो रहा है। धनबाद में कई राष्ट्रीय स्तर के संस्थान होने के बावजूद बेहतर वायु संपर्क नहीं होने से बड़े उद्योगपति, निवेशक, डॉक्टर और ब्यूरोक्रेट यहां आने से कतराते हैं। साथ ही गंभीर मरीजों के लिए एयर एम्बुलेंस जैसी सुविधाओं का भी अभाव है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि धनबाद की जनता वर्षों से एयरपोर्ट की मांग कर रही है और अब इस मांग को पूरा किया जाना चाहिए। प्राकृतिक दृष्टिकोण से तोपचांची एयरपोर्ट निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान है। साथ ही विश्व प्रसिद्ध पारसनाथ जैन तीर्थस्थल के निकट होने के कारण भी यह क्षेत्र राष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के लिए बेहतर विकल्प माना जा सकता है।

सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह तोपचांची में एयरपोर्ट निर्माण की मांग को लोकसभा में मजबूती से उठाएंगे तथा इस अभियान को अपना पूर्ण समर्थन देंगे।

प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख संरक्षक प्रवीण गोधा, अध्यक्ष पप्पू सिंह एवं महासचिव अविनाश कुमार पाण्डेय उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *