

टीम अनंत सोच
राजगंज /धनबाद: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जय धरती माँ फाउंडेशन ने राजगंज के सोनदाहा में “एक पौधा रक्तदान वीरों के नाम” अभियान के तहत 108 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। यह आयोजन दिशोम गुरु शिबू सोरेन की कर्मभूमि में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आम, नीम, पीपल और बरगद जैसे छायादार एवं पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण पौधों का रोपण किया गया। पौधारोपण को रक्तदानवीरों को समर्पित करते हुए फाउंडेशन ने यह संदेश दिया कि जिस प्रकार रक्तदाता मानव जीवन बचाते हैं, उसी प्रकार पेड़ धरती और पर्यावरण को जीवन प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक और भावुक क्षण वह रहा, जब उन आदिवासी माताओं और बहनों को सम्मानित किया गया जिन्होंने हाल ही में भीषण गर्मी के दौरान राजगंज के जंगलों में लगी आग को अपने घरों के बर्तनों में पोखर से पानी लाकर बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। जल, जंगल और जमीन की रक्षा में उनके योगदान को सम्मानित करते हुए उन्हें अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
फाउंडेशन के संस्थापक ‘द ट्रीमैन’ रवि कुमार निषाद ने एक करोड़ पौधारोपण महाअभियान के तहत कहा,
“रक्तदानवीर इंसान की जान बचाते हैं और पेड़ धरती की जान बचाते हैं। दोनों ही हमारे लिए पूजनीय हैं। प्रकृति ही ईश्वर है और उसी से जीवन का अस्तित्व है। इसकी रक्षा करना प्रत्येक मनुष्य का प्रथम कर्तव्य है।”
इस अवसर पर फाउंडेशन के सह-संस्थापक रंजीत कुमार, जिला अध्यक्ष अनिल केवट,सचिव सहदेव महतो, जिला अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के सुधीर हेंब्रम, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मोहम्मद शमशेर अली, जिला ग्रामीण पदाधिकारी साधन महतो, प्रभारी सुरेन्द्र हेम्ब्रम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
जय धरती माँ फाउंडेशन का संकल्प:
“हर जीवनदाता के नाम एक पौधा और जल-जंगल-जमीन की रक्षा करने वाले हर हाथ का सम्मान।”

