पर्यटन मंत्रालय द्वारा “वोकल फॉर लोकल: स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाना: गुजरात का अनुभव” विषय पर “देखो अपना देश” वेबिनार का आयोजन

0

पर्यटन मंत्रालय ने देखो अपना देश वेबिनार श्रृंखला के 76वें संस्करण के तहत 13 फरवरी 2021 को वोकल फॉर लोकल स्थानीय समुदाय को सशक्त बनाना गुजरात का अनुभव विषय पर एक ​वेबिनार का आयोजन किया। वेबिनार में रोजगार के अवसर पैदा करने, आय सृजन, जीवन स्तर में सुधार और पर्यटन के माध्यम से स्थानीय समुदायों के लिए आमदनी बढ़ाने के माध्यम के रुप में उद्यमिता के महत्व को स्वीकार किया गया। वेबिनार में केवड़िया में स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के आसपास बसे स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाने तथा गुजरात में बने कपड़ों के विपणन को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा की गई। गुजरात में बने वस्त्र एक तरह से पर्यटन से जुड़े उत्पाद हैं। इसमें राज्य की हस्तकला विरासत किस तरह से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने का माध्यम बन रही है इसपर भी विस्तार से चर्चा की गई। यह माना गया कि इसने न केवल स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसरों का सृजन किया है, बल्कि यह सदियों पुरानी कला और शिल्प के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

वेबिनार में प्रस्तुति गुजरात के टूरिस्ट गाइड श्री गौतम बी पोपट द्वारा दी गई। श्री पोपट 20 वर्षों तक भारतीय वायु सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और पर्यटन में उनकी गहरी रुचि है। श्री पोपट ने गुजरात के बुनकरों के समृद्ध इतिहास और बुनकर समुदाय और उनकी विरासत से संबंधित तथ्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। श्री मयूरसिंह राहुल ने एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में केवडिया के बारे में विस्तार से बताया। 

केवड़िया – गुजरात का एक अनूठा और सबसे तेजी से विकसित हो रहा पर्यटन स्थल है। भारत के लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 182 मीटर ऊंची प्रतिमा, जिसे स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के रूप में जाना जाता है, सतपुड़ा और विंध्याचल पर्वत श्रृंखलाओं के बीच नर्मदा जिले के केवड़िया में ही स्थित है। यह प्रतिमा देश को एक राष्ट्र के रुप में संगठित करने के सरदार पटेल के योगदान के लिए देशवासियों की ओर से उन्हें दिए गए सम्मान का प्रतीक है। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के सामने नर्मदा नदी और विशाल सरदार सरोवर बांध का दृश्य है। यह सड़क मार्ग से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। अहमदाबाद से स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के लिए सीप्लेन सेवा भी उपलब्ध है। केवड़िया को हर आयु वर्ग के लोगों के लिए एक रुचिकर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है। डाइनो ट्रेल, जंगल सफारी, फूलों की घाटी, बटरफ्लाई गार्डन, विश्व वन, कैक्टस गार्डन, एकता नर्सरी और साइकिल ट्रैक आदि जैसे विभिन्न थीम पार्कों में आरामदायक सुविधाएं और साहसिक यात्राएं इस जगह को और अधिक दिलचस्प बनाती हैं।

वेबिनार के दूसरे भाग में गुजरात के बुनकरों की समृद्ध विरासत के बारे में प्रस्तुति दी गई। गुजरात में बने कपड़े सिंधु घाटी सभ्यता काल से जुड़ी भारत की विरासत का एक हिस्सा रहे हैं। कच्छ क्षेत्र, पाटन, अहमदाबाद, सुरेन्द्रनगर, सूरत, जामनगर, वाधवान, भरूच और उदवाड़ा गुजरात के मुख्य कपड़ा उत्पादक और कढ़ाई के केंद्र हैं। गुजरात में बनाए जाने वाले कपड़ों में अजरख ब्लॉक प्रिंटिंग, खरद बुनाई, बंधनी (टाई एंड डाई), अहीर कढ़ाई, सूफ कढ़ाई, रोगन पेंटिंग, आरी कढ़ाई, तंगालिया बुनाई और पटोला बुनाई वाले कपड़े खास हैं। सरकार और गैर सरकारी संगठन इन स्थानीय हस्तशिल्पों को संरक्षित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इन कलाओं और शिल्पों को समझने के लिए समय समय पर विभिन्न तरक की पर्यटन कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं जो न केवल स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाती हैं बल्कि सदियों पुरानी विरासत को संरक्षित करने के लिए लोगों को प्रेरित भी करती हैं। 

वेबिनार श्रृंखला को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस विभाग, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के  तकनीकी सहयोग से प्रस्तुत किया गया है। वेबिनार के सत्र अब https://www.youtube.com/channel/UCbzIbBmMvtvH7d6Zo_ZEHDA/featured पर उपलब्ध हैं और पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के सभी सोशल मीडिया हैंडल पर भी उपलब्ध हैं।

अगला वेबिनार 20 फरवरी 2021 को एडवेंचर ट्रैवल पर 1100 बजे आयोजित किया जाएगा।

*****

एमजी/ एएम/ एमएस / डीसीRelease Id :-1697912

Read this release in :-English,Gujarati

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed