एक ही परिसर में मिलेगा देश के अलग-अलग राज्यों के व्यंजनों का स्वाद…………..

नगर निगम की पहल से बना नया फूड जोन, परिवार और दोस्तों के साथ उठाएं लजीज व्यंजनों का आनंद…………..

टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद के बरटांड़ में शहरवासियों को खान-पान का नया ठिकाना मिल गया है। नगर निगम की ओर से यहां आधुनिक फूड बॉक्स चौपाटी तैयार की गई है। खास बात यह है कि एक ही परिसर में लोगों को अलग-अलग राज्यों के मशहूर व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। फूड बॉक्स चौपाटी का उद्घाटन धनबाद के मेयर संजीव सिंह, झरिया विधायक रागिनी सिंह और नगर निगम आयुक्त आशीष गंगवार ने संयुक्त रूप से किया।

बरटांड़ में तैयार की गई इस आधुनिक चौपाटी में कई आकर्षक फूड स्टॉल बनाए गए हैं। यहां बिहार के प्रसिद्ध लिट्टी-चोखा से लेकर दक्षिण भारत के डोसा और इडली सहित कई तरह के व्यंजन उपलब्ध होंगे।

इस फूड जोन की खासियत यह है कि स्वाद के शौकीनों को अलग-अलग व्यंजनों के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में जाने की जरूरत नहीं होगी। एक ही परिसर में कई तरह के खान-पान का आनंद लिया जा सकेगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस इस चौपाटी को लोगों के बैठने और आराम करने को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। ऐसे में परिवार और दोस्तों के साथ यहां पहुंचने वाले लोग खाने के साथ कुछ समय सुकून से भी बिता सकेंगे।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, झारखंड में पहली बार इस तरह की आधुनिक फूड बॉक्स चौपाटी तैयार की गई है। निगम की इस पहल से बरटांड़ में एक नए फूड और एंटरटेनमेंट जोन के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *