
टीम अनंत सोच
धनबाद: महालया के पावन अवसर पर धनबाद के हीरापुर स्थित हरिमंदिर (काली बाड़ी) में मां काली की विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह चार बजे से ही मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ पूजा में भाग लिया और मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महालया को पितृपक्ष की समाप्ति और देवी पक्ष के शुभारंभ का प्रतीक माना जाता है। इसी दिन मां दुर्गा के आगमन का आह्वान किया जाता है। हीरापुर हरिमंदिर में इस अवसर पर महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र का पाठ किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।
महालया की एक विशेष परंपरा के तहत मूर्तिकार मां दुर्गा की प्रतिमा की आंखों को रंगकर उसे अंतिम रूप देते हैं। इसे देवी की प्रतिमा में जीवंतता लाने की महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा माना जाता है।
मंदिर के पुजारी भजन दा ने बताया कि महालया के अवसर पर मां के स्वागत में मंदिर परिसर में आतिशबाजी भी की जाती है। यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था और उत्साह का अवसर होता है। महालया के साथ ही दुर्गापूजा की तैयारियां और मां के स्वागत का उत्साह भी तेज हो जाता है।

