आजाद नगर के अमन सोसायटी में मचा हड़कंप, परिजनों ने पुलिस से की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

टीम अनंत सोच
धनबाद: भूली ओपी क्षेत्र के आजाद नगर स्थित अमन सोसायटी में मंगलवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कुएं से 22 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान अमन सोसायटी गेट नंबर-1 निवासी रियाज अंसारी के रूप में हुई है। रियाज पिछले दो दिनों से लापता था। कुएं में शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भूली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से निकलवाकर मामले की जांच शुरू की। इधर, युवक की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि रियाज की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंका गया होगा।
परिजनों के मुताबिक, रियाज रविवार को किसी व्यक्ति से बातचीत करते हुए घर से निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद सोमवार को परिजनों ने भूली थाना पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों को कुएं में एक युवक का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। बाद में पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान रियाज अंसारी के रूप में की। युवक का शव देखते ही परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
भाई ने जताई हत्या की आशंका
रियाज के भाई फैजल अंसारी ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि रियाज रविवार को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की और सोमवार को पुलिस को लिखित सूचना भी दी थी। फैजल ने दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
वहीं, स्थानीय निवासी दीपक महतो ने बताया कि कुएं में शव मिलने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए थे। बाद में परिजनों ने युवक की पहचान की।
फिलहाल रियाज की मौत हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। भूली पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

