सुल्तानगंज से मंगाया गया गंगाजल, विधायक ने खुद संभाली पैकिंग की जिम्मेदारी; नारियल, सूप-दौरा और साड़ी भी बांटेंगे कार्यकर्ता

टीम अनंत सोच
धनबाद: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर धनबाद में सेवा और सहयोग की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में विधायक राज सिन्हा ने छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री वितरण की पहल की है। हर वर्ष की परंपरा को जारी रखते हुए इस बार भी सुल्तानगंज से गंगाजल मंगाया गया है। इसकी 10 हजार बोतलों में पैकिंग का काम शुरू कर दिया गया है।
सोमवार को विधायक राज सिन्हा खुद पैकिंग कार्य में जुटे नजर आए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर गंगाजल की बोतलों को तैयार कराया, ताकि समय पर इसे छठ व्रतियों तक पहुंचाया जा सके।
इस बार गंगाजल के अलावा छठ व्रतियों के बीच नारियल, सूप-दौरा और जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी का भी वितरण किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को छठ पूजा की तैयारियों में सहयोग देना है, ताकि किसी की आर्थिक परेशानी आस्था और परंपरा के पालन में बाधा न बने।
विधायक के निर्देश पर कार्यकर्ता घर-घर और विभिन्न क्षेत्रों में जाकर पूजन सामग्री का वितरण करेंगे। विधायक राज सिन्हा भी स्वयं इस सेवा अभियान में शामिल होकर व्रतियों के बीच सामग्री वितरित करेंगे।

