फर्जी जमीन के दस्तावेजों के जरिए सरकारी मुआवजे की रकम हड़पने का आरोप, तत्कालीन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी समेत कई आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

टीम अनंत सोच 

धनबाद के बहुचर्चित रिंग रोड जमीन अधिग्रहण मुआवजा घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने इस मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त जय निवास पांडेय उर्फ शास्त्री को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गिरफ्तार किया। गुरुवार को धनबाद की अदालत में पेशी के बाद उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में जेल भेजे गए आरोपियों की संख्या 18 हो गई है। गिरफ्तार आरोपियों में तत्कालीन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी भी शामिल हैं। जय निवास पांडेय पर फर्जी जमीन के दस्तावेजों के आधार पर करीब 15 करोड़ रुपये का मुआवजा अपने और परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में हस्तांतरित कराने का गंभीर आरोप है।

दरअसल, वर्ष 2016 में सामने आए इस घोटाले ने धनबाद में जमीन अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। आरोप है कि जमीन की फर्जी डीड और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये की मुआवजा राशि निकालने की सुनियोजित साजिश रची गई थी। इसी मामले की जांच के दौरान एसीबी को जय निवास पांडेय की कथित भूमिका के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी की गई।

जांच एजेंसी के अनुसार, जय निवास पांडेय ने कथित तौर पर फर्जी डीड के आधार पर लगभग 15 करोड़ रुपये अपने और परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में ट्रांसफर कराए। उनकी पत्नी के नाम पर भी करोड़ों रुपये के लेन-देन की बात जांच में सामने आई है। एजेंसी अब इस रकम के लेन-देन और कथित फर्जी दस्तावेजों की कड़ियों को खंगाल रही है।

जांच में धनबाद के मौजा संख्या-51, खाता संख्या-121 और प्लॉट संख्या-1630 की जमीन से जुड़ा एक बड़ा दस्तावेजी फर्जीवाड़ा भी सामने आया है। निगरानी विभाग के मुताबिक, इस जमीन पर नरसिंह दास ने 21 अक्टूबर 1970 की डीड संख्या-25560 के आधार पर अपना दावा किया था। आरोप है कि फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे 6 करोड़ 32 लाख 13 हजार 585 रुपये 99 पैसे का मुआवजा हासिल किया गया।

जिला अवर निबंधक कार्यालय के रिकॉर्ड में मूल डीड बंगला लिपि में हराधन महतो और अन्य लोगों के नाम पर दर्ज थी। लेकिन आरोप है कि इस दस्तावेज को अंग्रेजी में तैयार कर कथित तौर पर मुआवजा प्राप्त करने के लिए इस्तेमाल किया गया। इस पूरे प्रकरण में जय निवास पांडेय के बड़े भाई विश्वनाथ शर्मा और नरसिंह दास की भूमिका भी जांच एजेंसी के रडार पर रही है।

इधर, गिरफ्तारी के बाद जय निवास पांडेय ने खुद को निर्दोष बताते हुए पूरे मामले को साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि उन्हें बेवजह इस घोटाले में फंसाया गया है। उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए निचली अदालत से लेकर हाईकोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कही है। वहीं, उन्होंने मामले के शिकायतकर्ता भाजपा नेता रमेश राही पर भी साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया है। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने भी इस मामले में अपना पक्ष रखा है।

फिलहाल, धनबाद रिंग रोड मुआवजा घोटाले में एसीबी की जांच जारी है। वाराणसी से जय निवास पांडेय की गिरफ्तारी ने करीब एक दशक पुराने इस मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। अब तक 18 आरोपियों के जेल पहुंचने के बाद जांच एजेंसी की नजर घोटाले से जुड़े अन्य लोगों और करोड़ों रुपये के कथित वित्तीय लेन-देन पर है। आने वाले दिनों में जांच के दौरान इस मामले में और कौन-कौन से खुलासे होते हैं, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *