चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मिश्रीडीह मोड़ में बीती रात एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। आर्मी से रिटायर हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा के घर को निशाना बनाते हुए करीब दस नकाबपोश बदमाशों ने लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि अपराधी घर के पिछले हिस्से से बांस की सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़े और फिर अंदर दाखिल हो गए। घर में घुसते ही उन्होंने हथियार के बल पर सबसे पहले बच्चों को बंधक बना लिया। बच्चों के डर जाने के कारण घर के अन्य सदस्य भी विरोध नहीं कर सके।

इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर में तलाशी अभियान चलाया और एक-एक कमरे को खंगाल डाला। इस दौरान करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद और लगभग बीस लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने लूट लिए गए।

घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया गया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

गृहस्वामी कैलाश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि वे खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे। उन्हें शक है कि बदमाशों ने कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिसके कारण इतनी बड़ी घटना के बावजूद उनकी नींद नहीं खुली।

घटना की सूचना रात करीब 2 बजे पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस सुबह करीब साढ़े 4 बजे मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *