

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: धनबाद के मुनीडीह इलाके में शनिवार की देर रात एक भीषण हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। गैस कटर सिलेंडर में अचानक हुए जोरदार विस्फोट से चार लोग इसकी चपेट में आ गए, जिनमें से दो की मौत हो गई, जबकि दो अन्य का इलाज अस्पताल में जारी है।
घटना के समय मौके पर करीब 8 से 10 लोग मौजूद थे। विस्फोट के बाद सिलेंडर से तेजी से गैस का रिसाव होने लगा, जिससे आसपास मौजूद लोगों को सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी और हालात दमघोंटू बन गए।
हादसे के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने संजय यादव और मोहम्मद अजहरुद्दीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहम्मद अब्राहिम और मोहम्मद इमामुद्दीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतक संजय यादव के परिजनों के अनुसार, वह घर से दोस्त के साथ काम पर जाने की बात कहकर निकले थे। देर रात करीब 1 बजे वह घर लौटे, जहां उन्हें तेज सांस फूलने, खांसी और बेचैनी की शिकायत थी। वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे और केवल इतना बता सके कि गैस सिलेंडर फट गया है। उनकी हालत तेजी से बिगड़ती गई और मुंह से झाग निकलने लगा, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस घटना में उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति की भी जान चली गई। फिलहाल दो अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
