चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद: सदर अस्पताल में मंगलवार को विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर स्वास्थ्य सहिया और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा रैली निकालकर लोगों को टीबी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

रैली के दौरान टीबी हारेगा, देश जीतेगा और टीबी मुक्त धनबाद बनाना है जैसे नारे लगाए गए। सिविल सर्जन आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करना और समय पर इलाज के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि टीबी के मरीजों को सरकार द्वारा मुफ्त दवा उपलब्ध कराई जाती है और यह इलाज लंबे समय तक, लगभग दो साल तक चलता है। साथ ही एनजीओ के सहयोग से मरीजों को जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं, खासकर वे दवाएं जो बाजार में आसानी से नहीं मिलतीं।

सिविल सर्जन ने बताया कि लगातार तीन हफ्ते तक खांसी आना, अचानक वजन कम होना और भूख नहीं लगना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच करवाना जरूरी है, ताकि समय पर इलाज शुरू किया जा सके।

उन्होंने लोगों से अपील की कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है, इसलिए जागरूकता और समय पर इलाज से इसे खत्म किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *