मनीष रंजन की रिपोर्ट 

धनबाद: झारखंड अभिभावक महासंघ द्वारा आज रणधीर वर्मा चौक पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान महासंघ के अध्यक्ष असित सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने छह घंटे का उपवास रखकर विरोध दर्ज कराया।

यह धरना निजी विद्यालयों द्वारा की जा रही अवैध शुल्क वसूली तथा न्यायालय एवं न्यायाधिकरण के आदेशों की अवहेलना के विरोध में आयोजित किया गया। जिले के अभिभावकों में निजी विद्यालयों की मनमानी के खिलाफ भारी रोष देखा जा रहा है।

महासंघ का आरोप है कि धनबाद के अधिकांश निजी विद्यालय झारखंड शिक्षा न्यायाधिकरण के आदेशों की अनदेखी करते हुए विभिन्न शुल्कों में अनियमित एवं अत्यधिक वृद्धि कर रहे हैं। “री-एडमिशन” के नाम पर अलग-अलग शीर्षकों—जैसे एग्जामिनेशन शुल्क, विकास शुल्क, वार्षिक शुल्क, लाइब्रेरी शुल्क एवं खेलकूद शुल्क—के माध्यम से अभिभावकों से अवैध वसूली की जा रही है, जो नियमों के विरुद्ध है।

इसके अलावा, न्यायालय एवं न्यायाधिकरण के आदेशों की अवहेलना करते हुए विद्यालय परिसरों में ही पुस्तकों की बिक्री की जा रही है तथा अभिभावकों को चिन्हित दुकानों से किताब, कॉपी, स्टेशनरी, जूते-मोजे आदि खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है।

महासंघ ने इसे झारखंड शिक्षा न्यायाधिकरण संशोधन अधिनियम, 2017 तथा शिकायत वाद संख्या 01/2005, एक्जीक्यूशन केस 1/2005 और शिकायत वाद संख्या 8/2008 के आदेशों का उल्लंघन बताया है।

महासंघ के अनुसार, इस संबंध में पूर्व में साक्ष्यों सहित जिला प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

महासंघ की प्रमुख मांगों में निजी विद्यालयों की शुल्क संरचना की तत्काल जांच,अवैध शुल्क वसूली पर रोक,

किताब, कॉपी एवं अन्य सामग्री की जबरन खरीद पर प्रतिबंध तथा दोषी विद्यालयों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करना।

धरना के दौरान महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि चार दिनों के भीतर जिला प्रशासन अभिभावक महासंघ एवं विद्यालय प्रबंधन के साथ बैठक कर कोई ठोस निर्णय नहीं लेता है, तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर व्यापक जनआंदोलन भी किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

धरना के समापन पर ट्रांसजेंडर कल्याण बोर्ड, झारखंड की सदस्य श्वेता किन्नर ने पप्पू सिंह को जूस पिलाकर उपवास तुड़वाया।

आज के इस विशेष धरना कार्यक्रम में झारखंड अभिभावक महासंघ के महासचिव मनोज मिश्रा, वरीय उपाध्यक्ष मुकेश पाण्डेय, कोषाध्यक्ष प्रेम ठाकुर, मीडिया प्रभारी रतिलाल महतो सहित दिलीप सिंह, उदय प्रताप सिंह, बॉबी पाण्डेय, पूजा रत्नाकर, पिंकी सिंह, सोहराब खान, जीतेन्द्र अग्रवाल, रवि कुमार, टिंकू सरकार, मिहिर दत्ता, मगधेश कुमार, रविंद्रनाथ सोनार, अभिषेक सिंह, भगवान दास शर्मा, तारकेश्वर तिवारी, रोबिन धीवर, श्याम पाण्डेय, मंटू सिंह, गणेश चौरसिया, प्रभात सुरोलिया, अजय वर्मा, शालिनी मिश्रा, प्रवीण गोधा, अविनाश पाण्डेय, कुल्लू चौधरी, प्रेम पाण्डेय, धीरेन्द्र ब्रह्मचारी, विनय अग्रवाल, विक्की जायसवाल, श्रीकांत रक्षित, कन्हैया कुमार, सुकुमार कुम्भकार, सचिन ठाकुर, सत्येंद्र पाण्डेय, राज गुप्ता, सुरेश यादव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *