

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: धनबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक नई पहल करते हुए सोमवार से पुलिस केंद्र में तीन दिवसीय ड्रोन प्रशिक्षण वर्कशॉप शुरू की। कार्यक्रम का उद्घाटन एसएसपी प्रभात कुमार ने किया। इस अवसर पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस.एम. याकूब, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम तथा डीएसपी ट्रैफिक अरविंद कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
वर्कशॉप में पुलिसकर्मियों को ड्रोन संचालन की विस्तृत ट्रेनिंग दी जा रही है, जिसे दो चरणों में आयोजित किया गया है—पहले सैद्धांतिक (थ्योरी) प्रशिक्षण और उसके बाद व्यावहारिक (प्रैक्टिकल) सत्र। एसएसपी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में तेजी से सटीक सूचना प्राप्त कर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी, ऊंची इमारतों पर नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किया जाएगा। इससे पुलिस को कम समय में व्यापक जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी और कार्रवाई अधिक प्रभावी हो सकेगी।
एसएसपी ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद शुरुआती चरण में दो ड्रोन खरीदे जाएंगे। भविष्य में ड्रोन आधारित पेट्रोलिंग भी शुरू करने की योजना है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस के लगातार प्रयासों से अपराध के मामलों में कमी आई है और आधुनिक तकनीक के उपयोग से सुरक्षा व्यवस्था को आगे और मजबूत किया जाएगा।
