

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद : सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित प्रेमसंस होंडा सर्विस सेंटर के मुख्य गेट के पास गुरुवार सुबह बम जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सरायढेला थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित करते हुए संदिग्ध वस्तु को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से बारूद जैसे पाउडर के अंश भी मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की जा रही है।
सरायढेला थाना के एसआई अनूप कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में गेट के समीप संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसे जब्त कर लिया गया है। फिलहाल उसके वास्तविक स्वरूप की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना में किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर धनबाद विधायक Raj Sinha भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटना को चिंताजनक बताते हुए कहा कि शहर में अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र खुलासा करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस संदिग्ध वस्तु की जांच के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके।
