


चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे गुरुवार को धनबाद दौरे के दौरान सिंह मेंशन पहुंचे, जहां उन्होंने झरिया विधायक रागिनी सिंह और धनबाद मेयर संजीव सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। मंत्री के आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
मुलाकात के दौरान धनबाद एवं झरिया क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
धनबाद मेयर संजीव सिंह ने बीसीसीएल होल्डिंग टैक्स से संबंधित कोर्ट में लंबित मामले को मंत्री के समक्ष रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि नगर निगम को बीसीसीएल का होल्डिंग टैक्स मिलने लगे, तो शहर में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नागरिक सुविधाओं में भी व्यापक सुधार संभव हो सकेगा।
वहीं विधायक रागिनी सिंह ने झरिया और आसपास के क्षेत्रों में विस्थापन की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि हजारों विस्थापित परिवार लंबे समय से बेहतर पुनर्वास की प्रतीक्षा कर रहे हैं। साथ ही JRDA के माध्यम से संचालित पुनर्वास एवं विकास कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने आश्वासन दिया कि जनता से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्र सरकार गंभीरता से विचार करेगी और समाधान के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी।
