
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद पुलिस ने चर्चित जितेश रवानी हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने धनसार थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक जितेश रवानी धनसार थाना क्षेत्र के दुहाटांड़ का रहने वाला था। उसने हाल ही में नई पल्सर बाइक खरीदी थी। इसी खुशी में उसने अपने दोस्तों के साथ पार्टी आयोजित की थी। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोपियों ने पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को चांदमारी खेल मैदान के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब 12 मई की सुबह पुलिस को चांदमारी खेल मैदान के समीप झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। घटनास्थल से मृतक की बाइक भी बरामद की गई थी। इसके बाद परिजनों के बयान पर धनसार थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी दीपक कुमार राम बिहार भाग गया है। पुलिस दबाव बढ़ने पर उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। रिमांड पर लेकर पूछताछ करने पर उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने खून से सना शर्ट बरामद किया।
इस मामले में दूसरे आरोपी शक्ति सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर, मोबाइल फोन समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी दीपक कुमार राम का व्यवहार साइको प्रवृत्ति का प्रतीत होता है तथा दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
