टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण की मांग को लेकर श्री पार्श्वनाथ मिशन एयरपोर्ट समूह ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। सोमवार 19 मई 2026 को समूह के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष पप्पू सिंह के नेतृत्व में धनबाद विधायक राज सिन्हा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तोपचांची क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट निर्माण की मांग उठाई गई।

समूह के मुख्य को-ऑर्डिनेटर प्रवीण गोधा ने बताया कि तोपचांची क्षेत्र में एयरपोर्ट निर्माण के लिए पर्याप्त और उपयुक्त जमीन उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि मिशन एयरपोर्ट समूह द्वारा पूर्व में भी संभावित स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है और यह क्षेत्र एयरपोर्ट परियोजना के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।

समूह के अध्यक्ष पप्पू सिंह ने कहा कि धनबाद वर्षों से एयरपोर्ट की मांग करता आ रहा है, लेकिन अब तक यह सपना अधूरा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को इस मुद्दे पर गंभीर और सकारात्मक पहल करनी होगी, तभी धनबादवासियों का एयरपोर्ट का सपना साकार हो सकेगा।

वहीं, समूह के सचिव अविनाश पाण्डेय ने कहा कि एयरपोर्ट की मांग को लेकर लोग सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार को आपसी समन्वय स्थापित कर जल्द इस दिशा में ठोस कदम उठाना चाहिए।

विधायक राज सिन्हा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे धनबाद एयरपोर्ट की मांग का पूरा समर्थन करते हैं और विधानसभा में इस मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व में रघुवर दास सरकार के कार्यकाल में सिंदरी के बलियापुर क्षेत्र में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर पहल की गई थी, लेकिन पर्याप्त जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण योजना आगे नहीं बढ़ सकी।

मौके पर पप्पू सिंह, प्रवीण गोधा, अविनाश पाण्डेय, रतिलाल महतो सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *