टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो मंगलवार को धनबाद मंडल कारा पहुंचे, जहां उन्होंने हत्या के एक मामले में जेल में बंद आजसू नेत्री रजनी रवानी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद ने दावा किया कि रजनी रवानी को झूठे हत्या के मुकदमे में फंसाया गया है।

सांसद ने कहा कि लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा में हुई घटना के बाद पुलिस ने उन लोगों पर कार्रवाई की, जो अवैध कोयला खनन और कोयला चोरी के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। उनका आरोप था कि क्षेत्र में सक्रिय कोयला माफिया लंबे समय से स्थानीय लोगों को प्रताड़ित कर रहे हैं और विरोध करने वालों को साजिश के तहत झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है।

ढुल्लू महतो ने बताया कि जेल में हुई बातचीत के दौरान रजनी रवानी ने उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रजनी रवानी लगातार अवैध कोयला खनन के खिलाफ आंदोलन कर रही थीं, इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया।

सांसद ने यह भी कहा कि बांसजोड़ा क्षेत्र में पहले भी इस प्रकार की घटनाएं सामने आती रही हैं। उनके अनुसार, कोयला माफिया अपने हितों की रक्षा के लिए विरोध करने वालों पर दबाव बनाते हैं और उन्हें फर्जी मामलों में फंसाने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने उचित कार्रवाई नहीं की, तो भाजपा आंदोलन करेगी और केंद्र सरकार से सीबीआई जांच की मांग की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *