
टीम अनंत सोच
धनबाद: लोयाबाद बांसजोड़ा गोलीकांड मामले में जेल में बंद आजसू पार्टी की नेत्री रजनी रवानी से मिलने गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी अपने दर्जनों समर्थकों के साथ धनबाद मंडल कारा पहुंचे। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद ने धनबाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि झारखंड की कानून व्यवस्था अंग्रेजी शासन जैसी प्रतीत हो रही है और निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है।
सांसद ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि किसी भी बेगुनाह को सजा नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के नेताओं को साजिश के तहत फंसाया गया है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच कर दोषमुक्त नहीं किया गया, तो आजसू पार्टी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।

