
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद के बैंक मोड़ बड़ा गुरुद्वारा के सामने स्थित चौधरी स्वीट्स में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 6 बजे लगी आग ने देखते ही देखते दुकान के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दुकान संचालक ने बताया कि आग लगने से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग की वजह से दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुकान में मौजूद गैस सिलेंडर आग की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दुकान के सामने हुए कथित अतिक्रमण को लेकर भी नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि दुकान के आगे 4 से 5 फीट तक किए गए अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस संबंध में प्रशासन से कई बार शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

