

टीम अनंत सोच
धनबाद: सामाजिक संस्था “समर्पण एक नेक पहल” का छठा स्थापना दिवस समारोह शनिवार को कोयला नगर स्थित अन्नपूर्णा कॉम्प्लेक्स कम्यूनिटी हॉल में उत्साह और गरिमामय माहौल के बीच आयोजित किया गया। इस अवसर पर सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजसेवी, गणमान्य नागरिक और संस्था के सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, विशिष्ट अतिथि के रूप में शत्रुघ्न महतो तथा सम्मानित अतिथि के रूप में मनोज अग्रवाल उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल, संस्था के संस्थापक एवं केंद्रीय अध्यक्ष दीपेश चौहान तथा मंजीत सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद मनोज अग्रवाल ने फीता काटकर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस अवसर पर सांसद निधि से प्राप्त एम्बुलेंस को समाजहित में समर्पित करते हुए नई एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की गई। सांसद ढुल्लू महतो ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा और सामाजिक समर्पण से जुड़े ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने संस्था को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि इस वर्ष संस्था को एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है और अगले वर्ष तक एक शव वाहन भी संस्था को प्रदान किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद लोगों को और बेहतर सहायता मिल सकेगी।
संस्था के केंद्रीय अध्यक्ष दीपेश चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि “सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।” उन्होंने बताया कि रक्तदान ऐसा महादान है जो जाति, धर्म और वर्ग की सीमाओं से ऊपर उठकर मानव जीवन बचाने का कार्य करता है। संस्था पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध करा रही है और भविष्य में इस सेवा अभियान को और व्यापक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय प्रवक्ता रिंकू भट्टाचार्ज ने किया। समारोह में केंद्रीय सचिव राज गोस्वामी, केंद्रीय कोषाध्यक्ष बिट्टू चौहान, बोकारो टीम के सलाहकार चंदन चौहान, धीरज सिंह, धनबाद जिला उपाध्यक्ष तपेश्वर चौहान, बंटी पांडेय, सुजीत मोदी, तपन मंडल, निरंजन चटर्जी, धर्मेंद्र चौहान, राणा बनर्जी, राजू सिंह सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान संस्था के रक्तदान अभियान, जनसेवा और सामाजिक योगदान की सराहना की गई। साथ ही समाज और मानवता की सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।
