
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद के झरिया स्थित जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा डुमरी नंबर-2 में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गई हैं। मामले की जानकारी रविवार को सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद महतो ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
एसडीपीओ ने बताया कि 29 मई को डुमरी नंबर-2 निवासी 28 वर्षीय रिक्की सिंह को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घायल की पत्नी चंदा कौर के बयान पर जोड़ापोखर थाना में कांड संख्या 64/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए नानक सिंह और आरिफ अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त दो बजाज पल्सर 220 मोटरसाइकिलें बोकारो स्टील रेलवे स्टेशन क्षेत्र से बरामद की गईं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अपने अन्य साथियों हर्ष सिंह और गौरव सिंह के साथ रिक्की सिंह के घर के पास रखे रोपवे केबल को उठाने पहुंचे थे। इसी दौरान रिक्की सिंह और उसके भाई विजय उर्फ दारा सिंह के साथ विवाद हो गया। विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया और बाद में जामाडोबा पेट्रोल पंप के समीप हर्ष सिंह ने रिक्की सिंह पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि पूर्व में रिक्की सिंह और उसके दोनों भाई गौरव सिंह उर्फ गोपु के साथ आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे थे। हालांकि वर्तमान विवाद की वास्तविक वजह और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की पुलिस गहन जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

