
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद के तोपचांची थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह गोली लगने से घायल युवक के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में घायल द्वारा बताई गई घटना की कहानी संदिग्ध प्रतीत हो रही है। बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल के अनुसार मामला सड़क अपराध या छिनतई से अधिक कोयला खनन क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा हो सकता है। घायल रवि बख्श राय का इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल, तोपचांची थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे तथा घायल युवक से पूछताछ की। जानकारी के अनुसार घटना में तीन राउंड फायरिंग हुई, जिसमें दो गोलियां रवि बख्श राय के दोनों पैरों में लगी हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल रवि बख्श राय बोकारो जिले के दुग्दा थाना क्षेत्र के अटारी गांव का निवासी है। पुलिस को सूचना मिली थी कि जीटी रोड किनारे एक व्यक्ति गोली लगने से घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। पूछताछ के दौरान रवि ने अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारने की बात कही, लेकिन उसके साथ मौजूद दिवाकर सिंह के बयान में कई विसंगतियां मिलीं।
एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि दुग्दा थाना क्षेत्र में कोयला खनन से जुड़े वर्चस्व विवाद के दौरान गोलीबारी हुई थी। इसके बाद घायल को इलाज के लिए धनबाद लाया गया और घटना को तोपचांची क्षेत्र का बताकर अलग कहानी प्रस्तुत की गई।
उन्होंने कहा कि कथित घटनास्थल की जांच में पुलिस को न तो खून के निशान मिले और न ही कोई खोखा बरामद हुआ। इससे घायल और उसके साथियों द्वारा बताई गई कहानी पर संदेह और गहरा गया है।
घायल ने पुलिस को बताया है कि वह अपने मित्र के साथ पल्सर एनएस बाइक से देवघर जा रहा था। इसी दौरान तोपचांची बाजार के समीप दो बाइक पर सवार अपराधियों ने छिनतई के उद्देश्य से गोली चलाई और उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस इस दावे की भी सत्यता की जांच कर रही है।
एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस टीम दुग्दा थाना क्षेत्र जाकर संभावित वास्तविक घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना की वास्तविकता सामने आने की उम्मीद है।

