
टीम अनंत सोच
धनबाद/झरिया: झरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक रागिनी सिंह ने बुधवार को धनबाद मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात कर झरिया और धनबाद क्षेत्र से जुड़ी रेलवे एवं यात्री सुविधाओं की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने एक विस्तृत मांग पत्र सौंपते हुए जनहित से जुड़े विकास कार्यों को जल्द शुरू करने की मांग की।
विधायक ने कहा कि झरिया विधानसभा क्षेत्र की बड़ी आबादी प्रतिदिन रेलवे सेवाओं और रेलवे मार्गों पर निर्भर है, लेकिन कई वर्षों से बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने समस्याओं के साथ-साथ उनके व्यावहारिक समाधान भी रेलवे प्रशासन के समक्ष रखे।
पुराने रेलवे स्टेशन परिसर में बस स्टैंड विकसित करने का प्रस्ताव
रागिनी सिंह ने झरिया 4 नंबर बस स्टैंड को पुराने झरिया-घनुआडीह रेलवे स्टेशन परिसर में स्थानांतरित करने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान बस स्टैंड क्षेत्र में अत्यधिक भीड़, अव्यवस्थित यातायात और लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। रेलवे की खाली पड़ी भूमि का उपयोग कर वहां आधुनिक बस स्टैंड विकसित करने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और यात्रियों को भी सुविधाएं मिलेंगी।
धनबाद स्टेशन के दक्षिणी छोर के विकास की मांग
विधायक ने धनबाद रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, अंडरपास में स्ट्रीट लाइट लगाने, दोपहिया वाहन पार्किंग की व्यवस्था, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तथा अन्य यात्री सुविधाओं को विकसित करने की मांग की।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म संख्या-8 पर लिफ्ट के नियमित संचालन और प्लेटफॉर्म संख्या-1 से 8 तक फुटओवर ब्रिज के विस्तार की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे यात्रियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को बड़ी राहत मिलेगी।
भाटडीह और जोड़ाफाटक की समस्याएं भी उठाईं
रागिनी सिंह ने जोड़ाफाटक से स्टेशन के दक्षिणी छोर तक सड़क निर्माण कराने, भाटडीह क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए रेलवे आरओबी के नीचे 11 केवी केबल बिछाने की अनुमति देने तथा जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नाली निर्माण की मांग रखी।
उन्होंने भाटडीह अंडरपास परियोजना का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास किए जाने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होना क्षेत्र की जनता की उम्मीदों के विपरीत है। उन्होंने परियोजना को शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
जनता की समस्याओं के समाधान पर जोर
विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से जनहित को प्राथमिकता देते हुए लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल करने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान डीआरएम ने विधायक को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए सभी प्रस्तावों और मांगों की विभागीय स्तर पर समीक्षा की जाएगी तथा जनहित से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अखिलेश सिंह, उमेश यादव, अभिषेक पांडेय, संतोष शर्मा, अवधेश राय समेत कई कार्यकर्ता एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

