टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत संविदा आधारित नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करते हुए 18 विभिन्न पदों पर 120 स्वास्थ्यकर्मियों का चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों में एएनएम, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैबोरेट्री टेक्नीशियन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं।

इन पदों के लिए कुल 956 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा एवं स्किल टेस्ट आयोजित किए गए, जिसके बाद सफल उम्मीदवारों का चयन किया गया।

सदर अस्पताल धनबाद में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नव नियुक्त स्वास्थ्यकर्मियों को जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, चयनित कर्मियों की तैनाती सदर अस्पताल के अलावा जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में की जाएगी। इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है।

विभाग ने यह भी बताया कि मेरिट सूची में मामूली अंतर से चयन से वंचित रह गए अभ्यर्थियों को भविष्य में होने वाली नियुक्तियों में अवसर प्रदान करने पर विचार किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग को उम्मीद है कि इन नई नियुक्तियों से जिले की चिकित्सा सेवाओं को नई गति और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *