
टीम अनंत सोच
धनबाद/नई दिल्ली: धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने धनबाद जिले से जुड़े पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और सतत विकास के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
सांसद ढुलू महतो ने केंद्रीय मंत्री को धनबाद के कोयला खनन क्षेत्रों में उत्पन्न पर्यावरणीय चुनौतियों से अवगत कराते हुए वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण तथा व्यापक वृक्षारोपण अभियान को गति देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जल संरक्षण, स्वच्छता मिशन और पर्यावरण सुधार से संबंधित लंबित परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से अतिरिक्त वित्तीय सहयोग की भी मांग की।
मुलाकात के दौरान सांसद महतो ने कहा कि धनबाद जैसे औद्योगिक और खनन प्रधान जिले में आर्थिक विकास एवं रोजगार सृजन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को समान प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य, पर्यावरणीय सुरक्षा और आजीविका को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में सतत विकास की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने सांसद द्वारा उठाए गए मुद्दों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा धनबाद में पर्यावरणीय सुधार और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार खनन प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास, प्रदूषण नियंत्रण तथा हरित आवरण बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मुलाकात को धनबाद में पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करने की दिशा में एक सकारात्मक और महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
