
टीम अनंत सोच
धनबाद: ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी सेवा ब्लिंकिट के डिलीवरी पार्टनर्स ने बुधवार को रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शन कर अपनी विभिन्न मांगों को जोरदार तरीके से उठाया। बड़ी संख्या में जुटे डिलीवरी कर्मियों ने बेहतर भुगतान, इंसेंटिव में बढ़ोतरी और कार्य व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे डिलीवरी पार्टनर्स का कहना था कि पिछले कुछ महीनों में उनकी आय और इंसेंटिव संरचना में ऐसे बदलाव किए गए हैं, जिससे पहले की तुलना में अधिक मेहनत करनी पड़ रही है। उनका दावा है कि जहां पहले 400 रुपये की कमाई पर 120 रुपये का इंसेंटिव अपेक्षाकृत आसानी से मिल जाता था, वहीं अब उसी इंसेंटिव के लिए सुबह से देर रात तक काम करना पड़ता है।
डिलीवरी कर्मियों ने बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि ईंधन, वाहन रख रखाव और अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन प्रति ऑर्डर मिलने वाला भुगतान उसी अनुपात में नहीं बढ़ाया गया है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने कंपनी की आईडी ब्लॉक करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कई मामलों में बिना पूर्व सूचना या स्पष्ट कारण बताए डिलीवरी पार्टनर्स की आईडी बंद कर दी जाती है, जिससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित होती है। उन्होंने मांग की कि किसी भी कार्रवाई से पहले संबंधित कर्मी को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि न्यूनतम भुगतान की स्पष्ट व्यवस्था लागू की जाए, ईंधन की बढ़ती कीमतों को देखते हुए अतिरिक्त भत्ता दिया जाए और इंसेंटिव प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं न्यायसंगत बनाया जाए। साथ ही आईडी ब्लॉक करने संबंधी नियमों को भी स्पष्ट किया जाए।
इस प्रदर्शन को कांग्रेस के युवा नेताओं का समर्थन भी मिला। नेताओं ने कहा कि डिलीवरी कर्मी दिन-रात मेहनत कर लोगों तक जरूरी सामान पहुंचाने का काम करते हैं, इसलिए उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप भुगतान और सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर धनबाद उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की जाएगी।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

