
टीम अनंत सोच
चिरकुंडा/धनबाद: 2025 के चर्चित कुंदन प्रसाद रवानी हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को चिरकुंडा थाना क्षेत्र के कुमारधुबी स्टेशन रोड स्थित एक आवास पर पुलिस और दंडाधिकारी की संयुक्त मौजूदगी में कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया संपन्न की गई।
कुंदन प्रसाद रवानी हत्याकांड में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय के निर्देश पर सोमवार को चिरकुंडा पुलिस ने कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। यह कार्रवाई कुमारधुबी स्टेशन रोड स्थित एक आवास पर चिरकुंडा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार एवं मजिस्ट्रेट की निगरानी और भारी पुलिस बल की उपस्थिति में की गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी कविता देवी के लिखित आवेदन के आधार पर चिरकुंडा थाना में मुन्नी देवी, बिट्टू महतो, अजय महतो, रजनी कुमारी, संजना कुमारी, राहुल गोस्वामी एवं हरप्रीत सिंह सलूजा समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद से कुछ आरोपी लगातार फरार चल रहे हैं और पुलिस की छापेमारी के बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में उपस्थित होने के लिए कई बार समन और नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन वे पेश नहीं हुए। इसके बाद अदालत ने उनकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती का आदेश दिया।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में सोमवार को संबंधित आवास में मौजूद सामानों की सूची तैयार कर विधिवत जब्त किया गया। पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत संपन्न हुई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की गई है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

