टीम अनंत 

धनबाद: धनबाद के भूली ओपी क्षेत्र में पारिवारिक विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। पांडरपल्ला न्यू इस्लामपुर स्थित एक मैरिज हॉल में काम कर रही महिला पर उसके पति ने धारदार ब्लेड से हमला कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने के बाद महिला को तत्काल इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार झरिया चौथाईकुल्ही निवासी मेंहदी खातून अपने पति शहजाद उर्फ खैरु के साथ पांडरपल्ला स्थित अलहबीबी मैरिज हॉल में खाना बनाने का काम करती थी। स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोप है कि पति अक्सर महिला के साथ मारपीट भी करता था। शनिवार रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

रविवार सुबह महिला मैरिज हॉल की ऊपरी मंजिल पर काम कर रही थी। इसी दौरान उसका पति वहां पहुंचा और अचानक धारदार ब्लेड से उसके गले पर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल महिला की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही भूली ओपी पुलिस एसएनएमएमसीएच पहुंची और पीड़िता का बयान लेने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *