

टीम अनंत सोच
धनबाद/ गोविंदपुर: धनबाद के सरायढेला गोविंदपुर रोड स्थित आपणो घर सोसायटी में रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। एक युवती अर्धनग्न अवस्था में फ्लैट से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंची और बचाने की गुहार लगाने लगी। युवती की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और मौके से भाग रहे एक युवक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी। युवती ने युवक पर नौकरी का झांसा देकर फ्लैट में ले जाने और गलत हरकत करने की कोशिश का आरोप लगाया है।
गोविंदपुर थाना अंतर्गत आपणो घर सोसायटी में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती अचानक एक फ्लैट से निकलकर सड़क पर आ गई और जोर-जोर से मदद मांगने लगी। उसकी स्थिति देखकर आसपास के लोग सकते में आ गए। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। इसी दौरान एक युवक वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था। लोगों को मामला संदिग्ध लगा तो उन्होंने युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान लोगों का आक्रोश बढ़ गया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने साथ थाने ले गई।
युवती ने पुलिस को बताया कि वह धनबाद रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर ओडिशा जाने वाली थी। स्टेशन के पास खाना खाने के दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि युवक उसे गोविंदपुर स्थित आपणो घर सोसायटी के एक फ्लैट में ले गया।
युवती का आरोप है कि फ्लैट में उसके साथ जबरन शराब पिलाने का प्रयास किया गया और गलत हरकत करने की कोशिश की गई। विरोध करने पर उसने किसी तरह खुद को बचाया और वहां से निकलकर सड़क पर आ गई। शोर सुनकर स्थानीय लोग उसकी मदद के लिए आगे आए।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवक की पहचान बरमसिया निवासी राजू साव के रूप में हुई है। घटना जिस फ्लैट में हुई, वह एक अग्रवाल परिवार का बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी कुमार विनोद भी गोविंदपुर थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस युवती के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। साथ ही फ्लैट के मालिक समेत अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती के आरोपों में कितनी सच्चाई है और घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।

