
टीम अनंत सोच
धनबाद: शहर की पुलिस व्यवस्था को और अधिक आधुनिक, सुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में जिला पुलिस प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत सदर थाना परिसर में करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से जी+6 (ग्राउंड प्लस छह मंजिला) अत्याधुनिक पुलिस कम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। इस भवन में धनबाद थाना, महिला थाना, हरिजन थाना, यातायात थाना और साइबर थाना को एक ही छत के नीचे संचालित किया जाएगा।
बुधवार को धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने सदर थाना परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों को निर्माण कार्य से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के समय राज्य सरकार के इंजीनियरों की टीम भी मौजूद रही, जिसने प्रस्तावित निर्माण स्थल का जायजा लेते हुए परियोजना की रूपरेखा पर चर्चा की।
वर्तमान में सदर थाना परिसर में महिला थाना और यातायात थाना संचालित हो रहे हैं। प्रस्तावित पुलिस कॉम्प्लेक्स बनने के बाद पांचों थानों की सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी, जिससे आम लोगों को विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने से पुलिसिंग व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और तकनीक-सक्षम बनेगी। साथ ही शिकायतों के निष्पादन में तेजी आएगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को पूरा होने में लगभग डेढ़ वर्ष का समय लगने की संभावना है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिले के सभी थाना परिसरों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है, ताकि फरियादियों और आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। पुलिस प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना धनबाद में आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था को नई दिशा देने का काम करेगी।

