

टीम अनंत सोच
धनबाद: सुगियाडीह स्थित 8 लेन सड़क पर बने गहरे गड्ढे ने राहगीरों और वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है। यह सड़क शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन आवागमन करते हैं। बावजूद इसके, लंबे समय से मौजूद गड्ढे की मरम्मत नहीं होने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
ह्यूमैनिटी हेल्पिंग हैंड की लीगल एडवाइजर विनीता राज ने कहा कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार सड़क की खराब स्थिति और इससे हो रही परेशानियों को उजागर कर रही हैं। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत और जानकारी देने के बावजूद जिला प्रशासन तथा संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने बताया कि सड़क पर बने गड्ढे के कारण खासकर रात के समय वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। तेज गति से चलने वाले वाहनों के लिए यह गड्ढा दुर्घटना का कारण बन सकता है। किसी वाहन का संतुलन बिगड़ने या पहिया फंसने की स्थिति में गंभीर हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
विनीता राज के अनुसार, इस मामले की जानकारी उपायुक्त और महापौर को भी दी जा चुकी है, लेकिन सड़क की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब गड्ढे की मरम्मत कराने और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके और आम लोगों को राहत मिल सके।

