टीम अनंत सोच 

धनबाद: हीरापुर स्थित गोल्फ ग्राउंड के समीप मधु कुंज निवास में मंगलवार को स्वर्गीय सुदामा प्रसाद की 22वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सुंदरकांड पाठ, पूजा-अर्चना एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में परिजन, मित्र, शुभचिंतक और गणमान्य लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और सुंदरकांड पाठ से हुई। इसके उपरांत आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने स्व. सुदामा प्रसाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके सामाजिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक योगदान को याद किया।

इस अवसर पर उनके छोटे पुत्र संजीव रंजन ने कहा कि स्व. सुदामा प्रसाद शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व थे। उन्होंने जिला परिषद में हेड अकाउंटेंट, डीआरडीए में डायरेक्टर तथा उपायुक्त के निजी सहायक (पीए) के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि स्व. प्रसाद ने धनबाद में इंडियन स्कूल ऑफ लर्निंग की स्थापना की थी, जो छोटानागपुर क्षेत्र के शुरुआती सीबीएसई विद्यालयों में से एक माना जाता है। इसके अलावा कई विद्यालयों और मंदिरों के निर्माण में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही।

श्रद्धांजलि सभा में अमितेश कुमार सहाय, शेखर सहाय, जितेंद्र कुमार सिंह, नरेश प्रसाद सिंह, शंकर सहाय, राजीव रंजन, प्रवीण कृष्णा, अमित कुमार श्रीवास्तव, प्रियंका कुमारी, अभिषेक कुमार सहित अनेक लोगों ने भाग लिया और स्व. सुदामा प्रसाद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों और समाजसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *