टीम अनंत सोच 

धनबाद: सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने मई माह में व्यापक अभियान चलाया। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 2411 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 38 लाख 98 हजार 50 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान विभिन्न प्रकार के यातायात उल्लंघनों पर सख्ती दिखाई गई। प्रदूषण मानकों और प्रेशर हॉर्न से जुड़े मामलों में सर्वाधिक 1046 चालान किए गए। इसके अलावा बिना बीमा के वाहन चलाने वाले 462, बिना हेलमेट के 415, सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने वाले 532 तथा खतरनाक और गलत पार्किंग करने वाले कुल 408 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

ट्रैफिक पुलिस ने फैंसी नंबर प्लेट लगाने वाले 140, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 113, वाहन संबंधी जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले 157, ट्रिपल राइडिंग करने वाले 78, बिना नंबर प्लेट के 36, बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के 34, काला शीशा लगाने वाले 29 तथा अवैध मॉडिफिकेशन वाले 28 वाहनों का भी चालान काटा। वहीं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने पर 26, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले 2 तथा प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन संचालन करने वाले 1 चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *