टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। इस संबंध में उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़े अधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्र अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो, इसके लिए सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी। उन्होंने संयुक्त आदेश के तहत प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसीसी) के सदस्यों को सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा करने तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन की जांच करने को कहा। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया।

जिले में इस वर्ष नीट परीक्षा के लिए सात केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें केंद्रीय विद्यालय धनबाद नंबर-1, डिग्री कॉलेज आरएसपी-2,जामाडोबा, बीआईटी सिंदरी, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, आईआईटी आईएसएम,धनबाद, एसएसएलएनटी महिला कॉलेज तथा आरएस मोर कॉलेज गोविंदपुर शामिल हैं।

परीक्षा सामान्य अभ्यर्थियों के लिए दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय देते हुए परीक्षा शाम 6:15 बजे तक संचालित की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *