टीम अनंत सोच 

धनबाद: सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने और यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में धनबाद पुलिस ने एक अनूठी पहल की है। सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित गोल बिल्डिंग के पास हेलमेट के आकार में निर्मित अत्याधुनिक ट्रैफिक पुलिस बूथ का उद्घाटन शनिवार को एसएसपी प्रभात कुमार ने किया।

इस अवसर पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव, डीएसपी विधि-व्यवस्था प्रकाश सोय, डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव सहित कई पुलिस पदाधिकारी, जवान एवं रैपिडो के क्षेत्रीय अधिकारी उपस्थित रहे।

धनबाद पुलिस और रैपिडो ट्रांसपोर्टेशन के सहयोग से तैयार किया गया यह बूथ हेलमेट के आकार में डिजाइन किया गया है। पुलिस के अनुसार यह उत्तर-पूर्व भारत का अपनी तरह का पहला आधुनिक ट्रैफिक पुलिस बूथ है, जिसे अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।

बूथ पूरी तरह इंसुलेटेड है, जिससे गर्मी और ठंड दोनों मौसम में अंदर का तापमान संतुलित बना रहता है। इसे फायर-प्रूफ सामग्री से तैयार किया गया है, जबकि इसमें लगाया गया शीशा अनब्रेकेबल है। बूथ के भीतर चार पुलिसकर्मियों के बैठने की व्यवस्था भी की गई है।

हेलमेट पहनने का संदेश देने के लिए विशेष डिजाइन

उद्घाटन के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि बूथ को हेलमेट का स्वरूप देने का उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित ड्राइविंग करनी चाहिए।

एसएसपी ने बताया कि फिलहाल गोल बिल्डिंग के पास इस विशेष ट्रैफिक बूथ की शुरुआत की गई है। जल्द ही मेमको मोड़ पर भी इसी तर्ज पर हेलमेट आकार का एक और आधुनिक ट्रैफिक पोस्ट स्थापित किया जाएगा।

यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिले के प्रमुख और व्यस्त स्थानों पर कुल 22 ट्रैफिक पोस्ट चिन्हित किए गए हैं। इनमें से आठ स्थानों पर पोस्ट का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष स्थानों पर भी जल्द आधुनिक ट्रैफिक पोस्ट बनाए जाएंगे।

इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस बल को मजबूत करने के लिए 30 अतिरिक्त जवानों और 10 पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। एसएसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जिले में विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *