टीम अनंत सोच 

धनबाद: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धनबाद में योग की धूम देखने को मिली। जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित योग शिविरों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिला आयुष समिति द्वारा बिरसा मुंडा मेगा कॉम्प्लेक्स में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांसद श्री ढुल्लु महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा, डीडीसी सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सिविल सर्जन आलोक विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा नियमित योग के लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

सांसद और विधायक ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि नियमित योग से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और व्यक्ति स्वस्थ जीवन जी सकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीडीसी सन्नी राज ने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

योग दिवस के इस आयोजन में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक सभी ने एक स्वर में योग को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का मूल संदेश भी यही रहा ‘करो योग, रहो निरोग’ और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाओ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *