

टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। निरसा अनुमंडल क्षेत्र में सक्रिय इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 13 चोरी की मोटरसाइकिलें और बाइक चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए हैं। यह जानकारी ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी
कालूबथान ओपी क्षेत्र में 19 जून को हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ निरसा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नयाडांगा काली मंदिर मैदान के पास छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार चौहान, मनीष कुमार दुबे, सूरज हेम्ब्रम, चंदन कुमार और राजकुमार शामिल हैं। पूछताछ के दौरान सभी ने बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार गिरोह काफी सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
चोरी के बाद आरोपी मोटरसाइकिलों की पहचान मिटाने के लिए नंबर प्लेट तोड़ देते थे,चेसिस नंबर को क्षतिग्रस्त कर देते थे और बाइक का रंग बदलकर उसे दूसरे क्षेत्रों में बेच देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से कुल 13 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लॉक तोड़ने और बिना चाबी के बाइक स्टार्ट करने में इस्तेमाल होने वाला विशेष औजार भी जब्त किया है। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ झारखंड तथा पश्चिम बंगाल के कई थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं।
धनबाद पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की बाइक खरीदने वाले लोगों की भी तलाश में जुटी है।

