टीम अनंत सोच 

धनबाद: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को धनबाद टाउन हॉल में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आदित्य रंजन ने की, जबकि वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में टुंडी विधायक मथुरा महतो, जिले के सभी थाना प्रभारी, डीएसपी, प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों के शांति समिति सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान प्रशासन ने मुहर्रम के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए शांति समिति के सदस्यों ने अपने-अपने इलाके की समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को प्रशासन के समक्ष रखा। उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की जानकारी तुरंत प्रशासन और पुलिस को दें। उन्होंने बताया कि पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम पांच मिनट के भीतर रखने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस सेवाओं को 15 मिनट के अंदर घटनास्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

उपायुक्त ने बताया कि पूरे जिले को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित कर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण करेंगे तथा बाइक मार्च के माध्यम से संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जाएगी। किसी भी बड़ी घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *