

टीम अनंत सोच
धनबाद: मुहर्रम पर्व के मद्देनजर धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बुधवार को पुलिस केंद्र में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों को संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया।
धनबाद पुलिस केंद्र में आयोजित मॉक ड्रिल में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, ट्रैफिक डीएसपी, सीसीआर डीएसपी समेत कई अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल हुए। अभ्यास के दौरान जुलूस के समय उत्पन्न होने वाली विभिन्न परिस्थितियों, विशेषकर भगदड़, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के तरीकों का प्रदर्शन किया गया।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिस जवानों को किसी भी अप्रत्याशित स्थिति के लिए तैयार रखना है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने जानकारी दी कि जिले के संवेदनशील इलाकों की पहचान कर ली गई है। झरिया, बैंक मोड़ सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन स्थानों पर डीएसपी स्तर के अधिकारियों की निगरानी में क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात रहेगी, जो किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मॉक ड्रिल के माध्यम से जवानों की तैयारियों का आकलन भी किया गया। जिला प्रशासन और पुलिस का प्रयास है कि मुहर्रम पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे और सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों।

