
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद के आईआईटी-आईएसएम में गुरुवार को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत संचालित सहायक खान सर्वेक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल प्रतिभागियों के लिए स्किल सर्टिफिकेट वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 90 प्रशिक्षुओं को कौशल प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि 30 युवाओं का कैंपस प्लेसमेंट भी हुआ।
आईआईटी-आईएसएम धनबाद के खनन अभियंत्रण विभाग द्वारा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के सहयोग से संचालित सहायक खान सर्वेक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित युवाओं के लिए प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम संस्थान के i2H भवन स्थित सेमिनार हॉल में संपन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं संस्थान के उपनिदेशक डॉ धीरज कुमार ने 90 सफल प्रशिक्षुओं को स्किल सर्टिफिकेट प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर रोजगार के लिए तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा करने वाले सभी 90 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए हैं, जिससे उनके लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही 30 प्रशिक्षुओं का कैंपस प्लेसमेंट भी कराया गया है, जबकि अन्य प्रतिभागियों के लिए खनन एवं संबद्ध क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं उपलब्ध हैं।
डॉ कुमार ने कहा कि आईआईटी-आईएसएम धनबाद में स्किल सर्टिफिकेट वितरण, 30 युवाओं को मिला रोजगार। आईआईटी-आईएसएम का लक्ष्य केवल प्रशिक्षण प्रदान करना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है। उन्होंने कौशल आधारित प्रशिक्षण को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ती है और वे बेहतर करियर की दिशा में आगे बढ़ते हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और प्रशिक्षण को अपने पेशेवर जीवन के लिए उपयोगी एवं महत्वपूर्ण बताया।

