
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद कोर्ट परिसर में अधिवक्ता संघ के तत्वावधान में एक दिवसीय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की प्रसिद्ध भजन-कीर्तन मंडली द्वारा सुंदरकांड का संगीतमय पाठ प्रस्तुत किया गया, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया।
सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा कोर्ट परिसर भक्ति रस में सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं और अधिवक्ताओं ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ पाठ में सहभागिता की। भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
आयोजन समिति से जुड़े अधिवक्ताओं ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए कोर्ट परिसर में शेड का निर्माण कराया गया था। उसी समय से प्रतिवर्ष सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक आयोजन में अधिवक्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं और इसकी परंपरा लगातार आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

