टीम अनंत सोच 

धनबाद/कतरास: सिजुआ-तेतुलमारी मुख्य मार्ग पर पांडेयडीह टोला स्थित मनसा मंदिर के समीप शुक्रवार देर रात जमीन धंसने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 11 बजे अचानक जमीन में लंबी-लंबी दरारें उभर आईं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जमीन अंदर से खोखली हो चुकी है और किसी भी समय बड़े हिस्से के धंसने की आशंका बनी हुई है। घटना के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। प्रभावित क्षेत्र में लगभग 70 घर हैं, जहां 400 से अधिक लोग निवास करते हैं।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने अवैध कोयला उत्खनन को इसका कारण बताते हुए नया मोड़-तेतुलमारी सड़क को जाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन में पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद देर रात करीब डेढ़ बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ, जिसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।

घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र का सर्वेक्षण कर उचित सुरक्षा एवं पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *