
टीम अनंत सोच
धनबाद: कोयलांचल की धरती से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर अपनी गायकी का परचम लहराने वाले युवा गायक अभिषेक कुमार सोमवार को अपने गृह नगर धनबाद पहुंचे। ‘इंडियन आइडल 16’ के टॉप-8 प्रतियोगियों में शामिल होकर धनबाद और झारखंड का नाम रौशन करने वाले अभिषेक के स्वागत के लिए प्रशंसकों, मित्रों और परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
भूईफोड़ मंदिर से लेकर उनके आवास तक पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूल-मालाओं की वर्षा और समर्थकों के उत्साह ने अभिषेक के स्वागत को यादगार बना दिया। स्थानीय युवाओं ने नृत्य कर अपनी खुशी जाहिर की, वहीं “अभिषेक कुमार जिंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
‘इंडियन आइडल 16’ में अभिषेक ने अपनी मधुर और मखमली आवाज से जजों तथा दर्शकों का दिल जीता था। पूरे सीजन में उन्होंने शानदार प्रस्तुतियां देकर खुद को एक मजबूत दावेदार के रूप में स्थापित किया। हालांकि पिछले सप्ताह कम वोट मिलने के कारण उन्हें प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा। उनके एलिमिनेशन की खबर से धनबाद समेत पूरे झारखंड के प्रशंसकों में निराशा देखने को मिली, क्योंकि कई लोग उन्हें खिताब का प्रबल दावेदार मान रहे थे।
अपने बेटे की उपलब्धि पर अभिषेक के माता-पिता भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि अभिषेक की मेहनत और लगन ने परिवार के साथ-साथ पूरे जिले का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। वहीं अभिषेक ने अपने स्वागत से अभिभूत होकर सभी समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।
विधायक राज सिन्हा ने भुंईफोड़ मंदिर में स्वागत करते एवं सम्मानित करते हुए कहा कि धनबाद जैसे छोटे शहर से निकलकर देश के सबसे प्रतिष्ठित सिंगिंग रियलिटी शो के टॉप-8 तक पहुंचना अभिषेक की प्रतिभा और संघर्ष का प्रमाण है। उनकी यह उपलब्धि धनबाद और झारखंड के उभरते कलाकारों के लिए प्रेरणा बन गई है। भले ही उनका ‘इंडियन आइडल’ का सफर समाप्त हो गया हो, लेकिन उनकी आवाज का जादू और संगीत का सफर अभी लंबा है। धनबाद का यह युवा गायक आने वाले दिनों में संगीत की दुनिया में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है।

