
टीम अनंत सोच
धनबाद: वीर सिद्धू-कान्हू शहादत दिवस के अवसर पर मंगलवार को धनबाद में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। बरमसिया पुल चौक स्थित वीर सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर धनबाद विधायक राज सिन्हा ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस मौके पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि सिद्धू-कान्हू ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनका त्याग और संघर्ष आज भी देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि वीर सिद्धू-कान्हू का जीवन हमें अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की सीख देता है।
कार्यक्रम में मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता बीरेन्द्र हादसा ने कहा कि सिद्धू-कान्हू के आदर्शों और संघर्षमय जीवन से आज के युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश और समाज के प्रति उनकी निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल लोगों ने वीर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज हित में कार्य करने का संकल्प लिया।

