
टीम अनंत सोच
धनबाद: भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटीज धनबाद के कार्यकारिणी सदस्य एवं चेयरमैन सलाहकार कुमार मधुरेन्द्र सिंह ने उपायुक्त सह पदेन अध्यक्ष, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटीज धनबाद को पत्र लिखकर सदर अस्पताल गेट स्थित पूर्व ब्लड बैंक भवन को कब्जा मुक्त कराने तथा वहां पुनः ब्लड बैंक संचालित करने की मांग की है। साथ ही गोल्फ ग्राउंड स्थित रेडक्रॉस भवन में प्रस्तावित डायलिसिस सेंटर को जल्द शुरू कराने का भी अनुरोध किया है।
धनबाद में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटीज की संपत्तियों के बेहतर उपयोग और जनहित से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को शुरू करने की मांग एक बार फिर उठी है। रेडक्रॉस सोसाइटीज के कार्यकारिणी सदस्य सह चेयरमैन सलाहकार कुमार मधुरेन्द्र सिंह ने उपायुक्त सह पदेन अध्यक्ष, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटीज धनबाद को पत्र भेजकर सदर अस्पताल गेट पर स्थित पूर्व ब्लड बैंक भवन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।
अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि उक्त भवन भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटीज की संपत्ति है, लेकिन वर्तमान में उस पर सिविल सर्जन द्वारा संचालित यूनियन कार्यालय का कब्जा है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार लिखित और मौखिक रूप से प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। मामले की जांच के लिए जिला प्रशासन द्वारा दो डीएमएफटी अधिकारियों को रिपोर्ट देने का निर्देश भी दिया गया है।
कुमार मधुरेन्द्र सिंह ने कहा कि जनहित को देखते हुए इस भवन का जीर्णोद्धार कर वहां पुनः ब्लड बैंक संचालित किया जाना चाहिए, ताकि जिले के लोगों को इसका लाभ मिल सके।
इसके अलावा उन्होंने गोल्फ ग्राउंड के समीप स्थित भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटीज भवन में डीएमएफटी फंड से प्रस्तावित दस बेड वाले डायलिसिस सेंटर को भी शीघ्र शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना धनबाद विधायक राज सिन्हा की अनुशंसा से स्वीकृत हुई है और इसके संचालन का लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।
पत्र के माध्यम से उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि ब्लड बैंक और डायलिसिस सेंटर दोनों योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारकर आम जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
