
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद के रेलवे रोड स्थित हिल कॉलोनी मजार शरीफ में नई वक्फ प्रबंधन समिति के पदभार ग्रहण को लेकर बुधवार को विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। नई समिति के पदभार संभालने पहुंचने पर पुरानी समिति ने इसका विरोध किया, जिसके बाद मौके पर तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए धनबाद थाना और बैंक मोड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मामले को शांत कराया गया।
नई वक्फ प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कमल अशरफ ने बताया कि झारखंड वक्फ बोर्ड के निर्देश और न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नई समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के समन्वय से एसडीएम, जिला कल्याण विभाग और पुलिस की उपस्थिति में नई समिति को पदभार ग्रहण कराया जाना है। उनके अनुसार पुरानी समिति सहयोग नहीं कर रही है और यदि उन्हें किसी प्रकार की आपत्ति है तो वे वक्फ बोर्ड के समक्ष अपनी बात रख सकते हैं।
दूसरी ओर, पुरानी समिति के सचिव वाजिद खान ने नई समिति के गठन की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समिति का गठन पारदर्शी तरीके से नहीं किया गया और स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित नहीं की गई। उनका कहना है कि नियमों के तहत मतदान के माध्यम से समिति का चयन होना चाहिए था। उन्होंने यह भी मांग की कि उनके कार्यकाल के दौरान मजार के विकास कार्यों पर खर्च किए गए लगभग 1.80 लाख रुपये का भुगतान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन मुद्दों के समाधान तक नई समिति को पदभार नहीं सौंपा जाएगा।
मामले को लेकर मौके पर मौजूद सहकारिता पदाधिकारी सह दंडाधिकारी घनश्याम मंडल ने बताया कि उपायुक्त और एसडीएम के निर्देश पर उन्हें नई समिति को पदभार ग्रहण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है। यदि सहमति नहीं बनती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन की निगरानी में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन नई और पुरानी समिति के बीच मतभेद के कारण हिल कॉलोनी मजार प्रबंधन को लेकर विवाद अभी भी बरकरार है।

