टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरायढेला स्थित होटल न्यू हरि-इन में छापेमारी कर 9 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी म्युल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी के नेटवर्क को संचालित कर रहे थे और अवैध ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स से जुड़े लोगों को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे।

पुलिस निरीक्षक सह साइबर थाना प्रभारी रामजी राय ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश और पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित होटल न्यू हरि-इन के कमरा संख्या 103 और 108 में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आम लोगों के बैंक खातों को म्युल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल कर उन्हें अवैध ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स के संचालकों तक पहुंचाते थे। इन खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम का लेन-देन किया जाता था तथा भारतीय मुद्रा को अवैध तरीके से विदेशों में ट्रांसफर किया जा रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के 17 एटीएम कार्ड, 4 क्यूआर कोड, 20 चेक बुक, एक पासबुक तथा 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में रोहित दां (निरसा, धनबाद), आशीष कुमार (आरा, भोजपुर), चन्द्रकांत परिदा (खुर्दा, ओडिशा), महफुज आलम (कुमारधुबी, धनबाद), मिथलेश ठाकुर (भागलपुर), मो. आबिद आलम (बिहटा, पटना), आशुतोष कुमार आनंद (भागलपुर), मनंजर शेर आलम (बिहटा, पटना) तथा मो. गुफरान आलम (गोड्डा, झारखंड) शामिल हैं।

इस अभियान में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक विष्णु कुमार गोस्वामी, पंकज कुमार, प्रभुनाथ प्रसाद, गौरव कुमार, गिरधर गोपाल, अंजन मंडल तथा सिटी हॉक्स टीम-7, 8 और 9 के पदाधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *